घटना की जानकारी देते खाताधारक मुलुकराज तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के मोहल्ला लोकनगर निवासी मुलुकराज तिवारी आवास विकास कालोनी मोहल्ला स्थित पीएनबी बैंक शाखा के खाताधारक है। 9 सितंबर को उन्होंने अपना एटीएम कार्ड अपने बड़े बेटे मोहित को देकर 8 हजार रुपये निकालकर लाने की बात कही। रात 10 बजे करीब मोहित पिता का एटीएम लेकर शहर के मोहल्ला जवाहर नगर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम बूथ पर पहुंचा।
मशीन में कार्ड लगाने के बाद भी रुपये न निकलने पर वह परेशान हो गया। इसी बीच बूथ पर पहले से खड़े टप्पेबाज युवक ने उससे मदद की बात कहकर एटीएम ले लिया। मशीन में एटीएम कार्ड लगाते ही कैश निकल आया। टप्पेबाज ने बड़ी चालाकी से एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड मोहित को थमा दिया। मोहित के जाते ही आरोपी ने 6 बार में खाते में जमा 86 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकलने के साथ ही मुलुकराज के फोन पर मैसेज भी पहुंचा।
पर गहरी नींद में होने से वह मैसेज देख नहीं सके। सुबह मैसेज चेक करते ही उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में वह बैंक पहुंचे और मैनेजर से मिलकर आपबीती सुनाई। बैंक मैनेजर ने नगदी निकलने का पूरा विवरण उन्हें थमाया। जिसमे टप्पेबाज ने 40 हजार रुपये दूसरे के खाते में ट्रांसफर किए थे। किस युवक के खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए। मुलुकराज के यह पूछने पर बैंक मैनेजर ने जानकारी देने से मना कर दिया और इसे पुलिस केस बता उन्हें चलता कर दिया।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। किला चौकी इंचार्ज फिरोज खान ने एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो फुटेज में आरोपी की तस्वीर सामने आ गई। पीड़ित मुलुकराज ने बताया कि अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामला आईटीएक्ट से जुड़ा है। अधिकारियों के आदेश पर ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।