औरास के अहिराना में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद घरों को सैनिटाइज करते कर्मचारी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिले में हुई कोरोना की जांच में बुधवार को 79 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें जिला कारागार के 26 बंदियों के अलावा एक भाजपा नेता व उनकी पत्नी भी शामिल हैं। जिले में एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से 69 व ट्रूनेट मशीन से हुई जांच की रिपोर्ट में 10 सामने आए हैं।
जिला कारागार में दो दिन पहले 6 बंदियों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर जांच की। पचास बंदियों की जांच कराई गई जिनमें 26 में कोरोना की पुष्टि हुई है। शहर के सिविल लाइन निवासी भाजपा नेता व उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित आई हैं। मसवासी गांव में 35 साल का युवक, गंजमुरादाबाद में तीन माह की गर्भवती, उसकी सात साल की बेटी और एक किशोरी, मियागंज अस्पताल में 62 लोगों की जांच हुई जिसमें 2 महिला व 2 पुरुष संक्रमित मिले हैं। बिछिया में 2, नवाबगंज में 35 साल का युवक, मियागंज में 4, औरास में 30 साल का युवक, बांगरमऊ के अलग-अलग मोहल्लों में 11, गंजमुरादाबाद में 3, शुक्लागंज के अलग-अलग मोहल्लों में 8, शहर के पुरानी बाजार में 4, कांशीराम कॉलोनी में 7, जिला अस्पताल में 6 की रिपोर्ट संक्रमित आई है। संक्रमितों में 29 को होम आइसोलेट व 50 को बिछिया, श्रीरामूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ बोले
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में 79 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 29 को होम आइसोलेट व 50 को बिछिया व नवाबगंज के श्रीराममूर्ति कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में अब तक 2399 संक्रमित
जिले में अब तक 2399 संक्रमित मिल चुके हैं। स्वस्थ होने पर 1501 को घर भेजा जा चुका है। 845 का इलाज चल रहा है। इसमें 53 की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 78 प्रवासी हैं।