नवाबगंज(उन्नाव)। कोरोना जांच को लखनऊ भेजे गए 78 नमूनों की रिपोर्ट गुरुवार को निगेटिव आई है। इसमें बीघापुर तहसील के एक गांव निवासी संक्रमित युवक के परिजन व अजगैन कोतवाली के पंद्रह पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी शामिल है। वहीं गुरुवार को 48 नमूने जांच को भेजे गए। इसमें जिला अस्पताल से 18 व सरस्वती मेडिकल कॉलेज के 30 नमूने हैं।
बीघापुर तहसील के गांव कुतबुद्दीन गढ़ेवा निवासी एक युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह युवक रिश्तेदारों के साथ कुछ दिन पूर्व मुंबई से लौटा था। उसके साथ आया बड़ा भाई, भाई का साला, दोनों की पत्नी व बच्चों समेत दस परिजनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। वहीं गोरखपुर जिले में मिले दो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए अजगैन कोतवाली के 1 इंस्पेक्टर, 3 एसआई सहित 15 पुलिस कर्मियों के नमूने भेजे गए थे। इसके अलावा जिला अस्पताल व सरस्वती मेडिकल कॉलेज से भेजे गए 53 नमूने थे। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि सभी 78 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।