अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। अटल जी की अस्थि कलश यात्रा शुक्रवार सुबह करीब दस बजे जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। राज्यमंत्री मोहसिन रजा लखनऊ से साथ रहेंगे। लखनऊ से कानपुर की सीमा के बीच 24 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पुष्पांजिल अर्पित की जाएगी। सबसे ज्यादा 14 स्थान शहर में चिह्नित किए गए हैं। भाजपा सहित अन्य अनुसांगिक संगठनों के युवा कलश यात्रा दो पहिया वाहनों से साथ चलेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की अस्थि कलश यात्रा राज्यमंत्री मोहसिन रजा काफिले के साथ लेकर उन्नाव जिले की सीमा बनी पुल पर पहुंचेंगे। यात्रा में लाउड स्पीकर से अटल जी के काव्य पाठ और उनके भाषण सुनाए जाएंगे। श्रद्धांजलि के लिए बनीपुल, सोहरामऊ,आशाखेड़ा, भल्लाफार्म, नवाबगंज, अजगैन, चमरौली मोड़, मुर्तजानगर, दहीचौकी, आवास विकास कालोनी, एचसीबीएल बैंक, पार्कव्यू पैलेस, बाबूगंज ओवर तिराहा, आईबीपी चौराहा, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, गांधीनगर तिराहा, आदर्शनगर नहर पुलस अकरमपुर, गोकुलबाबा मंदिर के सामने, सहजनी मोड़, मरहला चौराहा पर स्वागत के बाद कलश यात्रा फिर हाईवे पहुंचकर आजाद मार्ग चौराहा, त्रिभुवन खेड़ा के सामने आम जनमानस पुष्पांजलि और अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित की करेंगे।
इसके बाद कलश यात्रा जाजमऊ गंगा पुल से कानपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। वहां से विष्णुपुरी कालोनी होते हुए गंगा बैराज बाईपास से ब्रह्मावर्त घाट बिठूर में, विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा में अस्थि विसर्जन किया जाएगा।
शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे सादी वर्दी में जवान
उन्नाव। एसपी हरीश कुमार ने बताया कि तीन सीओ पूरे समय यात्रा के साथ रहेंगे। इसके अलावा छह इंस्पेक्टर आगे पीछे रहेंगे। श्रद्धांजलि के लिए चिन्हित स्थानों पर दो-दो पुलिस चौकी इंचार्ज और महिला दरोगा व सिपाही तैनात किए जा रहे हैं। एक एंबुलेंस और एक दमकल वाहन भी यात्रा में साथ रहेगा। शहर में सबसे ज्यादा स्थान चिन्हित होने से यहां पुलिस के साथ ही पीएसी भी तैनात की जाएगी। सादी वर्दी में तैनात महिला व पुरुष जवान शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे।
यात्रा के लिए रिजर्व रहेगी सड़क की एक लेन
सीओ सिटी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि अस्थि कलश यात्रा के दौरान शहर में कानपुर की ओर जाने वाली लेन को आम यातायात के लिए बंद रखा जाएगा। आवश्यकता होने पर इस लेन के किनारे की दुकानों को भी कुछ देर के लिए बंद करा दिया जाएगा। शहर के भीतर दोनों तरफ का ट्रैफिक एक ही लेन से चलेगा। जाम न लगे इसके लिए यातायात पुलिस तैनात रहेगी। सड़क पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने दी जाएगी।
अस्थिकलश यात्रा के लिए जिले से रवाना हुए भाजपाई
उन्नाव। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थिकलश यात्रा के दर्शन के लिए गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में भाजपाई सदर विधायक पंकज गुप्ता की अगुवाई में लखनऊ के लिए रवाना हुए। जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के जत्थे को रवाना किया। इस दौरान आनंद अवस्थी, अनुराग अवस्थी, सरोज सिंह, विपिन मिश्रा, नगर अध्यक्ष सुशील तिवारी, गुड्डू मिश्रा, मुकेश रावत, अरविंद यादव भी मौजूद रहे।
त्रियुगी नारायण को दी गई श्रद्धांजलि
पुरवा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी व पुरवा क्षेत्र में संघ की नींव रखने वाले आरएसएस के समर्पित कार्यकर्ता त्रियुगी नारायण बाजपेयी का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
पुरवा ब्लाक के निद्धाखेड़ा निवासी त्रियुगी नारायण आपातकाल के दौरान दो वर्ष तक जेल में भी रहे थे। त्रियुगी नारायण के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने शोक जताया। वहीं नगर के मोहल्ला जोतपुर स्थित भाजपा महामंत्री कपिल त्रिपाठी के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। संघ के सह जिलाकार्यवाह शरद ने कहा कि त्रियुगी नारायण संपूर्ण जीवन राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित रहे।