खरीद केंद्र न खोलने पर सहायक निबंधक को चेतावनी
-गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान अब तक केंद्र न खोले जाने की जानकारी पर एडीएम ने जताई नाराजगी
-कर्मचारी कल्याण निगम के एक सेंटर पर कम खरीद मिलने पर प्रबंधक को लगाई फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान अब तक खरीद केंद्र न खोले जाने की जानकारी होने पर एडीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने सहायक निबंधक को आड़े हाथों लेते हुए कठोर चेतावनी दी। वहीं लक्ष्य से काफी कम खरीद मिलने पर कर्मचारी कल्याण निगम के जिला प्रबंधक को फटकार लगा दी।
सोमवार शाम को विभागीय कार्यालय में एडीएम (वित्त/राजस्व) बीएन यादव ने अब तक हुई गेहूं खरीद की समीक्षा की। जिले को 44200 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 78 फीसदी खरीद हो पाई है। वहीं 15 जून तक खरीद प्रक्रिया चलने और सहायक निबंधक के बौनामऊ में अब तक सेंटर न खोले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक निबंधक को चेतावनी देते हुए कहा कि तुरंत केंद्र खोलकर खरीद चालू की जाए। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। इस दौरान पता चला कि कर्मचारी कल्याण निगम के हसनगंज नवई सेंटर का लक्ष्य 3000 क्विंटल खरीद का है। अब तक 310 क्विंटल ही खरीद हो पाई है। इस पर उन्होंने निगम के जिला प्रबंधक से नाराजगी जाहिर की। हफ्ते में खरीद में तेजी न लाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इंसेट-1
कम नहीं हो रहीं वसूली की शिकायतें
खरीद केंद्रों पर किसानों से 50 रुपये प्रति क्विंटल की वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। तीन दिन पहले बिछिया के एक केंद्र पर जांच करने पहुंचे डिप्टी आरएमओ के सामने किसानों ने ठेकेदार के गुर्गे पर वसूली करने का आरोप लगाया था। इसकी पुष्टि भी हो गई थी। आरएमओ ने पैसा वापस करने का आदेश दिया था। यह एक मामला है। अन्य केंद्रों पर भी इस तरह की दिक्कतें हैं।