सफीपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मवई ब्रम्हनान में स्थित एक राइस मिल में ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार को पुलिस व पूर्ति निरीक्षक ने छापा मारा।
छापे के दौरान पुलिस ने 50 क्विंटल गेहूं, चावल व 300 बोरा बंद राशन बरामद किए हैं। राइस मिल से बरामद बोरियों में सरकारी आपूर्ति की मोहर और बैच नंबर भी पड़े हैं। पुलिस और पूर्ति विभाग के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।
मवई ब्रम्हनान में स्थित मिनी राइस मिल में बुधवार रात सफीपुर कोतवाली पुलिस और क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार ने ग्रामीणों की सूचना पर छापा मारा। मिल के अंदर पुलिस ने बड़ी मात्रा में खुला व सरकारी मोहर लगी बोरियों में खाद्यान्न बरामद किया। पुलिस ने मिल में मिले मो. हारुन और मुकेश नाम के युवकों से पूछताछ की। वह खाद्यान्न कहां से आया इसकी जानकारी वह नहीं दे पाए।
इस पर पुलिस ने मिल में रखा 50 क्विंटल खुला गेहूं व 300 बोरियों में रखा बंद खाद्यान्न अपने कब्जे में ले लिया। पूर्ति निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बोरियों में मिला अनाज सरकारी सप्लाई का ही होने का अनुमान है। गोदाम से इस बैच के बोरे किस ब्लाक और किस कोटेदार को दिए गए इसकी जांच की जा रही है।
यह अनाज मिल तक कैसे पहुंचा इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर जांच में साबित हुआ कि अनाज सरकारी है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर ग्रामीणों का कहना है कि राइस मिल में हर रोज सरकारी अनाज ट्रकों और ट्रैक्ट-ट्रालियों से लाया जाता है। ग्रामीण मियागंज ब्लाक के गल्ला गोदाम से अनाज आने की जानकारी पूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी है।
- ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व पूर्ति निरीक्षक ने मारा छापा
- 50 क्विंटल गेहूं व 300 बोरा बंद राशन पुलिस ने कब्जे में लिया
- अनाज की कालाबाजारी कहां से हुई पूर्ति विभाग कर रहा जांच
अमर उजाला ब्यूरो