उन्नाव। सेवायोजन विभाग की ओर से 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। 50 हजार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। जिले से 57 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। युवा rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण करने के बाद इस रोजगार महाकुंभ में शामिल हो सकते हैं।
युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके, इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर युवाओं को देश के अलावा जर्मनी और जापान में भी हेल्थ व होम केयरगिवर, निर्माण श्रमिक जैसी नौकरियों की भी जानकारी उपलब्ध है। पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद युवा रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने बताया कि इस रोजगार महाकुंभ में आईटी, सेवा क्षेत्र और उभरते उद्योगों की कंपनियां शामिल होंगी।
यहां युवाओं को नौकरी के अवसर दिए जाएंगे। इसके अलावा एआई प्रशिक्षण विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें उद्योग जगत के विशेषज्ञ युवाओं को डिजिटल कौशल और एआई आधारित नौकरियों की तैयारी के बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार महाकुंभ में मुख्यमंत्री युवा स्टाल भी लगाया जाएगा।
इसमें स्वरोजगार की जानकारी दी जाएगी, ताकि जो भी युवा खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। उन्हें मार्गदर्शन मिल सके। 57 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। अभी लगातार पंजीकरण चल रहे हैं। बताया कि इसके अलावा निर्माण श्रमिक भी पंजीकरण करा सकते है। मेले में निर्माण क्षेत्र की भी कंपनी आएंगी।