उन्नाव। जिला महिला अस्पताल में तैनात दो एनेस्थेटिस्ट में से एक के छुट्टी पर जाने से महिला मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक एनेस्थेटिस्ट सिर्फ दिन के समय ही ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में रात के समय अस्पताल में आपरेशन की सुविधा न होने पर डाक्टर मरीजों को सीधे कानपुर रेफर कर रहे हैं।
जिला महिला अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट के तौर पर डा. विशाल व डा. पवन अग्रवाल तैनात हैं। चार दिन पूर्व डा. विशाल ने छुट्टी ली थी। वह 20 दिसंबर के बाद ही अस्पताल में ड्यूटी पर लौटेंगे। इस बीच डा. पवन अग्रवाल सिर्फ दिन के समय ही अपनी सेवाएं अस्पताल में दे रहें हैं। इससे रात में जो भी गर्भवती महिलाएं अस्पताल पहुंच रही हैं उन्हें आपरेशन की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा। सीएमएस डा. अंजू दुबे ने बताया कि बेहोशी का एक ही डाक्टर होने से असुविधा हो रही है। रात के समय में आपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। एक डाक्टर से 24 घंटे काम नहीं लिया जा सकता। उन्होंने बताया कि सीएमओ को मामले से अवगत करा दिया गया है।
- जिला महिला अस्पताल में दो में से एक एनेस्थेटिस कर रहा काम
- दूसरे एनेस्थेटिस्ट के छुट्टी पर जाने से रात में नहीं हो रहे आपरेशन