उन्नाव। बीएसए कार्यालय में वार्डेन व केयरटेकर पद पर सिटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में साक्षात्कार हुआ। वार्डेन व केयरटेकर पद पर साक्षात्कार देने आए आवेदक कमेटी सदस्यों के सवालों का जवाब देने में जूझते नजर आए। अधिकारियों की सख्ती आवेदकों में चर्चा का केंद्र बनी रही। पचास फीसदी अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। समेकित शिक्षा प्रभारी ने बताया कि डीएम की संतुष्टि के बाद चयन किया जाएगा।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में संचालित समेकित शिक्षा कैंप में मूक बधिर व दृष्टि बाधित बच्चों को शिक्षित करने के लिए संविदा पद पर एक वार्डेन व तीन केयरटेकर का चयन होना है। वार्डेन के एक पद के सापेक्ष 23 लोगों ने आवेदन किया। जबकि केयरटेकर के तीन पदों के सापेक्ष 7 आवेदन हुए।
बुधवार को वार्डेन व केयरटेकर पदों का चयनित आवेदकों का साक्षात्कार बीएसए कार्यालय में हुआ। साक्षात्कार सिटी मजिस्ट्रेट रामप्रसाद की अध्यक्षता में प्रभारी बीएसए नसरीम फारूकी, नगर शिक्षाधिकारी आरके यादव व समेकित शिक्षा कैंप प्रभारी शशिप्रभा श्रीवास्तव समिति के सामने हुआ।
करीब तीन घंटे के साक्षात्कार में वार्डेन पद पर 11 व केयरटेकर पद पर पांच आवेदकों ने भागीदारी की। कैंप प्रभारी शशिप्रभा श्रीवास्तव ने बताया साक्षात्कार में शामिल आवेदकों की फाइलें डीएम को अनुमोदन के लिए भेजी जाएंगी।
- सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में हुआ समेकित शिक्षा कैंप का साक्षात्कार
अमर उजाला ब्यूरो