उन्नाव। औरैया में रेल हादसे की पुनरावृत्ति उन्नाव में होते बची। वाकया उस समय का है जब शहर की लोकनगर रेलवे क्रासिंग की टूटी सड़क में फंसकर एक लोडर ट्रैक के बीचोबीच खड़ा हो गया।
इसी बीच गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस को दूर से आते देख गेट मैन के हाथपांव फूल गए और आननफानन में आउटर पर ही ट्रेन रुकवाई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। डीआरएम ने मामले की जांच की बात कही है।
रविवार दोपहर 2:40 बजे शहर की लोकनगर रेलवे क्रासिंग से शटरिंग का सामान लादकर एक लोडर जा रहा था। इसी दौरान क्रासिंग के पास टूटी सड़क में फंसकर लोडर ट्रैक पर खड़ा हो गया।
तभी डाउन ट्रैक पर गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस आने का सिग्नल हो गया। ट्रेन व लोडर में करीब सौ मीटर की दूरी देख गेट मैन रामऔतार व पीयूष अवस्थी के पैरों तले जमीन खिसक गई। लोडर चालक व राहगीरों में हड़कंप मच गया। गेट मैन ने अधिकारियों के जरिये चालक से संपर्क किया और मामले की जानकारी देकर ट्रेन रोकने को कहा।
इस पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर क्रासिंग से कुछ पहले ही आउटर पर ट्रेन रोक दी। इमरजेंसी ब्रेक लेने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान लोडर चालक किसी तरह से जल्द वाहन को निकाल मौके से भाग खड़ा हुआ। करीब दस मिनट बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हो सकी। तब गेट मैन रामऔतार व पीयूष अवस्थी ने राहत की सांस ली।
क्या बोले जिम्मेदार
कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि मेंटीनेंस की जिम्मेेदारी रेल पथ विभाग की है। इसकी जानकारी अधिकारियों को दी जाएगी। ट्रैक पर खामियों की अनदेखी किसी भी दशा में ठीक नहीं है।
बोले डीआरएम, होगी जांच
डीआरएम लखनऊ मंडल सतीश कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। अब पता चला है तो इसकी पूरी जांच कराकर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेंटीनेंस हो या अन्य कोई को किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जल्द ही रेलवे क्रासिंग मार्गों की मरम्मत कराई जाएगी।
- शहर की लोकनगर क्रासिंग की घटना, डीआरएम ने जांच की बात कही
- नहीं बंद हो सका रेलवे फाटक, चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा रोकी ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो