उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में हैवानियत के बाद बच्ची की हत्या में दोषियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने शक के आधार पर अब परिवार के चचेरे चाचा समेत पांच लोगों का जिला अस्पताल में डीएनए सैंपल कराया। डॉक्टरों ने सभी के खून का नमूना लिया। पुलिस ने सैंपल को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा है। इससे पहले भी पुलिस गांव व पड़ोसी गांव के 15 लोगों का डीएनए सैंपल लखनऊ भेज चुकी है।
10 मार्च को बिहार थाना क्षेत्र के एक गांव की 9 वर्षीय बच्ची की हैवानियत के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे में एसपी ने एएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। कई दिन तक पुलिस की टीमें गांव में डेरा डाले रही। गांव के हर व्यक्ति से पूछताछ हुई पर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। एसपी ने संदेह के आधार पर उठाए गए गांव व पड़ोसी गांव के 15 लोगों को चिह्नित कर सभी का डीएनए टेस्ट कराने का फैसला लिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने डीएनए सैंपल लेकर पुलिस को सौंपा। डीएनए टेस्ट के लिए पुलिस ने सैंपल को विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा अब परिवार के चचेरे चाचा समेत 5 को संदेह के घेरे में लेकर मंगलवार को डीएनए सैंपल के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी के खून का नमूना लिया गया। पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए नमूना लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।
बिहार एसओ विकास पांडेय ने बताया कि पूर्व में भेजे गए 15 लोगों के डीएनए सैंपल की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। परिवार के पांच और लोगों का डीएनए सैंपल लेकर फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।