दो चरणों का चुनाव संपन्न होने के साथ ही छोटी संसद की जंग और तेज हो गई है। तीसरे चरण में रविवार को चार ब्लाकों में वोट डाले जाएंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने को तैयारियां कर ली हैं। 780 पोलिंग पार्टियों को बूथों को रवाना किया गया।
रविवार को तीसरे चरण में गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ, सफीपुर व फतेहपुर चौरासी की 12 जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) और 299 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) सीटों के लिए वोटिंग होगी।
चार ब्लाकों में डीडीसी की 12 सीटें हैं। इन पर 155 उम्मीदवार अपनी ताल ठोंक रहे हैं। सभी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। इसके अलावा 299 बीडीसी सीटों पर 1427 उम्मीदवार मैदान में हैं।
बीडीसी में सबसे ज्यादा प्रत्याशी सफीपुर ब्लाक में हैं, यहां 77 सीटों पर मतदान होना है। इन सीटों पर 392 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे नंबर पर बांगरमऊ ब्लाक है, यहां की 78 सीटों पर 386 उम्मीदवार दावेदारी जता रहे हैं।
गंजमुरादाबाद की 71 सीटों पर 357 और फतेहपुर चौरासी की 73 सीटों पर 292 प्रत्याशी वोटरों को अपने पक्ष में करने को एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।
जानकारों की मानें तो दो चरणों का चुनाव संपन्न होने के बाद तीसरे चरण में अब छोटी संसद की जंग और तेज हो गई है। चुनाव के एक दिन पहले प्रत्याशियों ने वोटरों के घर-घर जाकर दस्तक दी और अपने लिए वोट मांगे।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण को चार ब्लाकों में रविवार 18 अक्तूबर को मतदान होगा। इसके लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू होगी जो शाम पांच बजे तक चलेगी।
शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। दंगा आशंकित बूथों पर पैरा मिलेट्री फोर्स की गश्त रहेगी, जबकि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
रविवार को चार ब्लाकों गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ, फतेहपुर चौरासी व सफीपुर की जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) सीटों के लिए मतदान होगा। फतेहपुर चौरासी में डीडीसी की तीन और बीडीसी की 76 सीटें हैं, इनमें तीन सीटों पर निर्विरोध प्रत्याशी चुने जाने के बाद अब 73 सीटों पर वोटिंग होगी।
बांगरमऊ में बीडीसी की 80 सीटों में दो पर निर्विरोध उम्मीदवार चुने जाने के बाद अब 78 सीटें शेष बची हैं। डीडीसी की तीन और बीडीसी की 78 सीटों पर आज मतदान होगा।
इसी प्रकार गंजमुरादाबाद में डीडीसी की तीन और बीडीसी की 72 के साथ ही सफीपुर में डीडीसी की तीन और बीडीसी की 77 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। सफीपुर में 78 सीटें हैं, इनमें एक सीट पर निर्विरोध प्रत्याशी चुना जा चुका है। अब 77 सीटों पर चुनाव होगा।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर चारों ब्लाकों को 33 सेक्टर और चार जोन में बांटा गया है। चुनाव के मद्देनजर चार ब्लाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चारों ब्लाकों में 22 बूथों को दंगा आशंकित बूथों में रखा गया है। इन अतिसंवेदनशील प्लस बूथों पर पैरा मिलेट्री फोर्स तैनात की जाएगी। फोर्स के जवान लगातार बूथ के अंदर और बाहर गश्त करते रहेंगे।