उन्नाव। जिले की 1037 ग्राम पंचायतों में 4.21 लाख डुप्लीकेट मतदाता हैं। इसका खुलासा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सत्यापन के लिए भेजी गई सूची से हुआ है। प्रशासन ने तहसील अधिकारियों को सूची भेजकर बीएलओ को माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन को 421781 वोटरों की सूची भेजी है। इन मतदाताओं को डुप्लीकेट बताते हुए सत्यापन कराने के आदेश दिए हैं। सूची मिलने के बाद प्रशासन ने संबंधित तहसीलों को भेजकर बीएलओ के माध्यम से सत्यापन कराकर जल्द रिपोर्ट मांगी है। सूची में सबसे ज्यादा 37192 डुप्लीकेट मतदाता सिकंदरपुर सरोसी में हैं। दूसरे नंबर पर बिछिया और तीसरे पर नवाबगंज है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत निकाय) वीके श्रीवास्तव ने आयोग से डुप्लीकेट मतदाता की सूची आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीएलओ के माध्यम से सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद रिपोर्ट आयोग को भेज दी जाएगी।
इंसेट-1
ब्लाकवार डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या
ब्लाक डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या
मियागंज 24455
औरास 25896
पुरवा 17281
हसनगंज 27211
बांगरमऊ 25339
सफीपुर 24773
गंजमुरादाबाद 20496
सिकंदरपुर कर्ण 31070
नवाबगंज 32965
बीघापुर 18028
सुमेरपुर 19697
असोहा 26722
फतेहपुर चौरासी 22457
बिछिया 36572
हिलौली 31627
घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें बीएलओ
बीघापुर। तहसील सभागार में एसडीएम रणवीर सिंह की अध्यक्षता में पंचायत निर्वाचन को लेकर बैठक हुई। बैठक में उपस्थित बीएलओ को एसडीएम ने निर्देश दिए कि घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य करें। सुपरवाइजर इसकी निगरानी करें। नामित नोडल अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह प्रगति आख्या दी जाएगी। इसमें लापरवाही न बरती जाए। बैठक में बीडीओ प्रमोद कुमार गौतम व बीईओ अखिलेश वर्मा आदि मौजूद रहे। (संवाद)