डेढ़ हजार बिजली बकायेदारों पर ‘कुर्की’ की तलवार
उन्नाव। बिजली विभाग के करोड़ों रुपये दबाए बकायेदारों पर शिकंजा कसने की शुरुआत हो गई है। विभाग के करीब डेढ़ हजार बकायेदारों पर कुर्की की तलवार लटक गई है। पहले स्तर पर सभी बकायेदारों को सेक्शन 3 का नोटिस जारी किया जा चुका है। इन उपभोक्ताओं ने एक माह में बिल जमा नहीं किया गया तो विभाग आरसी जारी कर देगा।
शहर में 24 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाले विभाग ने अब बकाया वसूली के लिए कमर कस ली है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद स्थानीय अफसरों ने ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है जिन पर 20 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया है। सालों से इन उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किया है। यह घरेलू व कामर्शियल उपभोक्ता हैं। इन पर बकाये की रकम का ब्योरा तैयार हुआ तो 3 करोड़ से अधिक की धनराशि देखकर अधिकारी सन्न रह गए।
जानकारों का कहना है कि विभाग इस बकाया रकम की वसूली कर लेता है तो उसका वसूली लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इसका फायदा आम जनता को भी मिलेगा। बकाया जमा होने से मुख्यालय पर जनपद की रैंक बढ़ेगी और बिजली कटौती से भी राहत मिलेगी। इस बकाये को वसूलने के लिए विभाग ने 20 हजार से अधिक के 1500 विद्युत उपभोक्ताओं को सेक्शन 3 का नोटिस जारी किया है। नोटिस डाक से भेजे जा रहे हैं। नोटिस में 1 माह के अंदर बकाया जमा करने की चेतावनी दी गई है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक सेक्शन 3 के तहत जारी किए गए नोटिसों के बाद भी बकाया जमा नहीं होता है तो अगले चरण में सभी को सेक्शन 5 के तहत आरसी जारी कर तहसील प्रशासन को सूची उपलब्ध कराकर बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन आरके कृष्णानी ने बताया कि विभाग बकाया वसूलने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।
- 20 हजार रुपये से ऊपर के 1500 विद्युत उपभोक्ताओं पर 3 करोड़ से अधिक बकाया, विभाग ने जारी की सेक्शन 3 की नोटिस, एक माह में जमा करना होगा बिल, नहीं तो जारी होगी आरसी
अमर उजाला ब्यूरो