सई नदी पर खड़े कंटेनर की जांच करती पुलिस।
- फोटो : UNNAO
औरास(उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर औरास थाना क्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के सामने सई नदी पुल पर खड़े कंटेनर में 35 मवेशी (गोवंशी) मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को औरास टोल प्लाजा पहुंचाया। उसमें 35 गोवंश मिले जिनमें 7 की मौत हो गई। जीवित 28 मवेशियों को पुलिस ने अलग-अलग तीन गोशालाओं में भेजा है। चालक और परिचालक का पता नहीं चला।
आगरा एक्सप्रेस वे से सोमवार सुबह आगरा की ओर से लखनऊ की तरफ जा रहा कंटेनर औरास थानाक्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के सामने सई नदी के पुल पर तकनीकी खराबी आ जाने के कारण खराब हो गया। चालक और क्लीनर कंटेनर खड़ा कर भाग गए। संदिग्ध हालत में खड़े कंटेनर को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस क्रेन से कंटेनर को खींचवा कर औरास टोल प्लाजा पर लाई। कंटेनर खोलने पर उसमें 35 गोवंश भूसे की तरह भरे मिले। जिनमें 7 गोवंश मृत मिले। मृत मिले 7 गोवंशों का पशु चिकित्साधिकारी औरास डॉ. शिवनारायन से पोस्टमार्टम कराकर दफनवा दिया। सूचना पर पहुंचे बीडीओ केएन पांडेय ने 28 गोवंशों में सैदापुर में 8, विसवल में 9 और 11 को शरीफाबाद गांव की गोशाला में भिजवा दिया। थानाध्यक्ष राजबहादुर ने बताया कि जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।