शहर के मोहल्ला गीता पुरम में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद घर घर जांच करती स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/बिछिया। शहर के मोहल्ला लोकनगर, बिरची गांव व सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक में गुरुवार को कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य टीम जांच करने पहुंची। गांव को सैनिटाइज कराने के साथ 250 मीटर क्षेत्र की आबादी को होम क्वारंटीन किया गया है। कुछ को आईसोलेट किया गया है।
24 जून को दिल्ली से लौटे लोकनगर निवासी 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह, डब्ल्यूएचओ से नवीन त्रिवेदी व अरबन हेल्थ सेंटर प्रभारी रानू कटियार टीम के साथ मोहल्ले में पहुंची। यहां 434 घरों में रहने वाले लोगों की जांच शुरू हुई और 1713 लोगों को घरों में होम क्वारंटीन रहने को कहा गया। परिजनों ने युवक को घर में घुसने नहीं दिया था इसलिए उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
वहीं, बिछिया ब्लॉक के गांव बिरची में युवती के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को एडीओ पंचायत रवि शर्मा स्वास्थ्य टीम के साथ गांव पहुंचे। गांव को सैनिटाइज कराने के साथ ही गांव को जाने वाले तीन रास्तों में बैरिकेडिंग लगवाकर बंद करा दिया। स्वास्थ्य विभाग की छह टीमें स्वास्थ्य एवं शिक्षाधिकारी इंद्रविजय कुमार गौतम व डा. आरती यादव के नेतृत्व में 326 मकानों में रहने वाली 1600 आबादी की जांच कर रही हैं।
सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के गांव बलऊखेड़ा में गुरुवार को युवक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची और परिवार के तीन सदस्यों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कराया। ग्रामप्रधान ने गांव को सैनिटाइज कराया है। एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गांव को सैनिटाइजेशन कराया गया।
मिर्जा टेनरी में पहुंची स्वास्थ्य टीम, पहले से ही चेंबर मिला सील
शहर के मोहल्ला गीतापुरम निवासी 42 वर्षीय युवक मगरवारा स्थित मिर्जा टेनरी में आईटी सेंटर में कर्मचारी था। गुरुवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई थी। स्वास्थ्य टीम ने उसे तो आइसोलेट करा दिया था। शुक्रवार को मेडिकल अफसर डॉ. रवी यादव मिर्जा टेनरी पहुंचे। वहां जिस चेंबर में युवक बैठता था। वह पहले से सील मिला। चैंबर भी तीन बार सैनिटाइज कराया जा चुका था। युवक के संपर्क में अन्य कर्मियों के न आने से टेनरी न ही बंद कराई गई और न किसी कर्मचारी को आइसोलेट कराया गया।