फोटो-13-आक्रोशित व्यापारियों को शांत कराते सीओ संतोष सिंह। संवाद
- फोटो : credit
बेहटामुजावर (उन्नाव)। थाने से महज 300 मीटर दूर गुरुवार की रात मार्केट की सात दुकानों में चोरी हाे गई। चोर मेडिकल स्टोर, किराना, निर्माण सामग्री और शराब की दुकानों के शटर तोड़कर नकदी और शराब की पेटियां उठा ले गए। इतना ही नहीं सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर भी ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सीओ ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर शांत कराया।
संभरखेड़ा गांव निवासी अतुल कुमार की बेहटामुजावर थाने से 300 मीटर दूर भवन निर्माण सामग्री की दुकान है। गुरुवार रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर 10 हजार रुपये पार कर दिए। पास ही चंद्रप्रभा की देशी शराब की दुकान में पीछे की दीवार काटकर आठ पेटी शराब और 73,600 रुपये ले गए। रामनिवास के मेडिकल स्टोर के शटर का ताला तोड़कर नौ हजार रुपये और पड़ोस में संजय पटेल के मेडिकल स्टोर का शटर उखाड़कर आठ हजार रुपये पार कर दिए।
सर्वेश कुमार की कंपोजिट शराब की दुकान का शटर का लाॅक फैलाकर उसे तोड़ दिया, वहां से 99 हजार रुपये और पड़ोस में किराना स्टोर की बाहर से लगी जाली में लगा ताला तोड़कर दस हजार रुपये चुरा ले गए। शुक्रवार सुबह दुकानें खोलने पहुंचे व्यापारियों को जानकारी हुई तो आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं और थाने पहुंच पुलिस की गश्त पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
सीओ संतोष सिंह ने व्यापारियों को जल्द खुलासे का आश्वासन देकर शांत कराया। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए। खोजी कुत्ता कुछ दूर जाने के बाद लौट आया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चार दिन से चौराहे पर कोई पुलिस कर्मी नहीं आता है। चोरों ने इसी का फायदा उठाया है।
सीओ ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। घटना का जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। एक गांव में मेला होने से पुलिस की तैनाती वहां थी, इसी वजह से कस्बे में पुलिस की ड्यूटी नहीं थी।
फोटो-13-आक्रोशित व्यापारियों को शांत कराते सीओ संतोष सिंह। संवाद- फोटो : credit