उन्नाव। लंबे समय बाद सदर तहसील के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। इन मार्गों के चौड़ीकरण पर 54 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सदर विधायक पंकज गुप्ता की मांग पर शासन ने सदर तहसील के सहजनी-शंकरपुर मार्ग और सरोसी-भिम्मेश्वर मार्ग को चौड़ा करने की मंजूरी दी है। 15 किमी लंबे और 3.75 मीटर चौड़े सहजनी-शंकरपुर मार्ग को 7 मीटर चौड़ा बनाने व उच्चीकरण करने पर लोकनिर्माण 28 करोड़ 33 लाख 54 हजार रुपए खर्च करेगा। जबकि 14 किमी लंबे सरोसी-भिम्मेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण पर 26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन मार्गों के चौड़ा होने से सरोसी ब्लॉक के कटरी क्षेत्र के 25 गांवों की ढाई लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। रास्ते चौड़े होने से कटरी क्षेत्र के इन गांवों को उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग, गंगा बैराज, बिठूर, बिठूर-चकलवंशी मार्ग और उन्नाव-हरदोई मार्ग से संपर्क आसान और सुगम हो जाएगा। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि काफी समय से इसकी मांग कर रहे थे। शासन ने इसे मंजूरी देकर इस पिछड़े क्षेत्र के लिए विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
लोनिवि के अधीक्षण अभियंता मन्नीलाल ने बताया मार्गों का निर्माण तेजी से पूरा कराया जाएगा।
सहजनी, पिपरी, देवारा, देवारा खुर्द, पिड़ोखा, बनी, कंजौरा, शंकरपुर, बसधना, कनिकामऊ, सन्नी, सरांय सहित पच्चीस गांव।
इन मार्गों के चौड़ा होने से किसानों को आवागमन के साथ ही अपनी सब्जी व अन्य फसलों को बाजार पहुंचाने में आसानी होगी। इन क्षेत्रों में आवागमन के साधन भी बढ़ेंगे। क्षेत्र के किसानों में महेश, सुंदर लाल, शिवशंकर, पत्तीलाल, दीपक सिंह, महिपाल, आदि ने इसपर खुशी जताई है।