उन्नाव। हादसे में घायल एक युवक से वार्ड ब्वाय ने तीन सौ रुपये वसूल लिए। सही इलाज न मिलने पर युवक ने हंगामा किया। इमरजेंसी वार्ड में हंगामा होने पर डाक्टर ने वार्ड ब्वाय से रुपये वापस कराए। जिसके बाद मरीज लौट गया।
अचलगंज थानाक्षेत्र के सुपासी गांव निवासी मोनू (20) पुत्र सर्वेश तीन दिन पहले एक घोड़े पर बैठते समय गिर गया था। इससे वह घायल हो गया था। बुधवार दोपहर वह जिला अस्पताल में मरहम पट्टी बंधवाने पहुंचा था। इस दौरान एक वार्ड ब्वाय ने मोनू से तीन सौ रुपये ले लिए।
मोनू का आरोप था कि रुपये लेने के बाद भी वार्ड ब्वाय ने ढंग से पट्टी नहीं बांधी थी। हंगामा होने पर इमरजेंसी वार्ड में तैनात डा. शैलेस त्रिपाठी ने घायल युवक को अपने पास बुलाया। जहां घायल युवक ने वार्ड ब्वाय को बुलाकर घायल युवक को रुपये वापस कराए। रुपये मिलने के बाद वह वापस चला गया।
-घोड़े से गिरकर घायल हुआ था युवक, वार्ड ब्वाय ने लिए थे रुपये
-इमरजेंसी वार्ड में हंगामा होने पर डाक्टर ने किया हस्तक्षेप
-डाक्टर ने वार्ड ब्वाय से वापस दिलवाए रुपये