फतेहपुर चौरासी। क्षेत्र के गांव लखनापुर में सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कर्मियों व ठेकेदार की शिकायत करने पर गांव में एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप चल रही है। विभागीय अधिकारी काम पूरा न होने से आपूर्ति बाधित होने की बात कह रहे हैं।
फतेहपुरचौरासी के लखनापुर निवासी मुकेश, सुमित, जयचंद्र व राहुल ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत गांव में 15 परिवारों को कनेक्शन दिए गए हैं। विद्युत कर्मियों व ठेकेदारों ने सभी कनेक्शनधारकों को केबल व बल्ब नहीं दिए। पुराने जर्जर खंभे व तार भी ठेकेदार ने नहीं बदले। ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर मामले की शिकायत कर दी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद से गांव में विद्युत आपूर्ति बंद है। सफीपुर के अवर अभियंता रामसहाय ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत जो कार्य हुआ है वह पूरा नहीं हुआ है। काम पूरा होते ही आपूर्ति शुरू की जाएगी। शुरुआत में कुछ दिन के लिए आपूर्ति की गई थी।
- ग्रामीणों का आरोप, शिकायत से नाराज कर्मियों ने ठप की आपूर्ति