उन्नाव। बीघापुर थानाक्षेत्र निवासी युवक ने प्रेमिका से फोन पर बात करने के दौरान विवाद होने पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद युवती उसे देखने अस्पताल पहुंच गई। इससे भड़के युवक के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
युवती ने एक साल पहले युवक से कोर्ट मैरिज करने और उसे साथ न रखने का आरोप लगाया। युवती के मुताबिक उसके साथ रहने का दबाव बनाने पर युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
बीघापुर थानाक्षेत्र में सैलून चलाने वाले युवक ने मंगलवार सुबह एक युवती से फोन पर काफी देर तक बात करता रहा और इसके बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टियां होने पर परिजनों को जानकारी हुई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान अचलगंज थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती जिला अस्पताल पहुंची और युवक को अपना पति बताया। यह सुनते ही युवक के परिजन भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। युवती ने बताया कि युवक ने एक साल पहले उससे कोर्ट मैरिज की थी।
तबसे वह अपने घर में रह रही है। उसने साथ में रहने का दबाव बनाया तो वह विवाद करने लगा। मंगलवार सुबह को फोन पर इसी को लेकर बात हुई थी इसके बाद उसने ये कदम उठा लिया। वार्ड में भर्ती मरीजों के अन्य तीमारदारों ने बीच बचाव कर हंगामा शांत कराया और युवती को अस्पताल से लौटाया।
-अस्पताल देखने पहुंची युवती, युवक के परिजनों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो