उन्नाव। दही चौकी के औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडाग्रो फूड्स प्राईवेट लि. में आयकर अधिकारियों ने रविवार सुबह प्रबंधन में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू की जो शाम तक जारी रही। सूत्रों के मुताबिक करीब 80 घंटे से चल रहे सर्च में कुछ ऐसे भी प्रपत्र मिले हैं जिनसे टैक्स चोरी का शक है। अब तक अकाउंट विभाग समेत प्रबंधन के 13 कमरों को सीज किया गया है। आईटी की कार्रवाई से सहमे दूसरे स्लाटर हाउस मालिकों ने स्लाटरिंग रोक दी है। साथ ही कागजात दुरुस्त करने में सक्रिय हो गए हैं। शाम करीब 6:30 बजे आयकर विभाग की टीम भी वापस चली गई है।
आयकर विभाग की साइट टू के स्लाटर हाउस इंडाग्रो फूड्स प्राईवेट लिमिटेड में शुरू हुई जांच रविवार शाम तक जारी रही। लगातार चौथे दिन जारी रही जांच से उद्यमियों की धड़कने घट बढ़ रही हैं। वहीं आयकर विभाग की जांच से अलाना ग्रुप की मुश्किलें भी लगातार बढ़ रही हैं। 80 घंटे अधिक से जारी जांच से दही चौकी ही नहीं यूपीएसआईडीसी बंथर के उद्यमी भी सकते में हैं। सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह आयकर अधिकारियों ने एक जीएम से पूछताछ शुरू की। तीन सदस्यीय टीम ने जीएम के सामने अहम फाइलें रखकर तीन घंटे से अधिक पूछताछ की। इस दौरान कई बार जीएम अधिकारियों के सवालों पर असहज रहे। उधर, छह सदस्यीय टीम स्लाटर हाउस के टर्नओवर, रिटर्न, जीएसटी व पशुओं की कटान संबंधी रिकॉर्ड खंगालने में देर शाम तक व्यस्त रही। सूत्रों का दावा है कि अब तक की जांच में बड़े स्तर पर टैक्स चोरी के दस्तावेज मिल चुके हैं। अभी और भी अहम सुराग हाथ लगने बाकी है। जिसके चलते लगातार जांच जारी है। चौथे दिन एक कमरे की सीसीटीवी फुटेज व दो लेनदेन की फाइल के करीब 30 पन्नों को स्कैन कराकर रिकॉर्ड सुरक्षित किया है। शाम को टीम वापस चली गई।
स्लाटरिंग का काम लगभग है बंद
इंडाग्रो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में आयकर विभाग की कार्रवाई से मांस निर्यातक उद्यमी सकते में हैं। बीते तीन दिनों से साइट टू व साइट वन के स्लाटर हाउसों में स्लाटिरंग लगभग बंद है। इसके अलावा चर्म इकाईयों में भी उत्पादन लगभग ठप है। अधिकांश फैक्ट्री मालिक व कर्मचारी अभिलेख दुरुस्त करने में जुटे पड़े हैं। इसके अलावा कुछ अहम फाईलों को मौके से हटाने में भी प्रबंधन के जिम्मेदार सक्रिय हैं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट तैयार कर रहे लेखाजोखा
साइट टू व साइट वन के स्लाटर हाउस व चर्म इकाइयों के फैक्ट्री मालिक क्रय व विक्रय के कागजी अभिलेख तैयार करने में ठंडी में भी पसीना पसीना हैं। इसके अलावा बैंकिंग लेनदेन व निर्यात होने वाले उत्पाद का ब्योरा खंगालने में चार्टर्ड अकाउंटेंट दिन रात जुटे हैं। सीए की टीम फैक्ट्रियों के साथ ही उद्यमियों के घरों पर रहकर आयकर विभाग की कार्रवाई से बचाने की कवायद में लगे हैं।
तीन दिन से स्लाटर हाउस के कुछ कर्मी नहीं निकले बाहर
आयकर अधिकारियों की चौबीस सदस्यीय टीम ने गुरुवार सुबह करीब सात बजे इंडाग्रो में प्रवेश किया था। सूत्रों की मानें तो स्लाटर हाउस प्रबंधन के करीबी 12 कर्मचारियों को टीम ने निशाने पर लिया है। यह कर्मचारी बीते तीन दिनों से अंदर ही सो रहे हैं और खाना खा रहे हैं। टीम लगातार इन लोगों से बारी बारी से पूछताछ कर अहम राज उगलवा रही है। कर्मचारी एक दूसरे से बातचीत न कर सके। इसके लिए इन्हें अलग अलग कमरों में रखा गया है। एक कर्मचारी के परिजन रविवार को स्लाटर हाउस पहुंचे और गेट पर मौजूद गार्ड से युवक का नाम बताकर बुलाने को कहा। मगर गार्ड ने आयकर अधिकारियों की जांच का हवाला देकर लौटा दिया।