बिछिया (उन्नाव)। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बिछिया धान क्रय केंद्र के निकट पिकअप व एक निजी बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे बस में बैठी डेढ़ दर्जन सवारियां व पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में बैठी सवारियों की चीख पुकार से पास के गांव बिछिया के ग्रामीण व दारोगा खेड़ा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पिकअप चालक व बस की दो सवारियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया। पिकअप की स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ।
बुधवार सुबह कानपुर दादानगर से सूर्या नमकीन लादकर पिकअप बछरावां रायबरेली जा रहा था। वहीं मौरावां से ओवरलोड सवारियां भरकर अवध बस सर्विस की निजी बस उन्नाव जा रही थी। बिछिया धान क्रय केंद्र के निकट पिकअप की अचानक स्टेयरिंग फेल हो गई और विपरीत दिशा से आ रही बस से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे बस पलट कर खंती में जा गिरी। पिकअप चालक बुरी तरह पिकअप में फ ंस गया।
बस में बैठी सवारियों की चीख पुकार सुन पास के गांव बिछिया के ग्रामीण व नजदीक की दारोगाखेड़ा चौकी पुलिस प्रभारी ओमकार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पिकअप में फ ंसे चालक को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकलवाया। साथ ही बस में बैठी घायल डेढ़ दर्जन सवारियों को एंबुलेंस की सहायता से बिछिया सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से पिकअप चालक संतोष (30) पुत्र रामआसरे निवासी कानपुर व बस की घायल सवारियों में किरन (30) पुत्री दिनेश निवासी पड़रीकला व रामरूप (42) पुत्र भीखा निवासी रतौरापुरवा की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया। घटना के एक घंटे बाद पुरवा कोतवाल केएन पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल व बिछिया सीएचसी पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।