फूड स्टालों पर छापेमारी, नमूने लिए
उन्नाव। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के फूड स्टालों पर रेलवे के कामर्शियल विभाग के अफसरों ने छापेमारी की। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के साथ ही टीम ने उत्पाद की तौल भी कराई। एक स्टाल से खाद्य सामग्री का नमूना लिया गया। एक घंटे के सघन निरीक्षण से ठेकेदारों में अफरा तफरी का माहौल रहा।
सीनियर कामर्शियल मैनेजर एके दोहरे शनिवार सुबह करीब 10 बजे तीन सदस्यीय टीम के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक विश्राम व स्वास्थ्य निरीक्षक ज्योत्सना शुक्ला से कुछ देर तक बातचीत के बाद प्लेटफार्म स्थित विभागीय फूड स्टालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान स्टालों पर मौजूद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांची गई। उत्पादों व लंच पैकेटों की तौल कराकर वजन जांचा। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर दो के एक फूड स्टाल पर बिस्किट व बोतल बंद पानी का नमूना लिया। वहीं वाटर वेंडिंग मशीन की आय व व्यय का लेखाजोखा देखा।
करीब एक घंटे के निरीक्षण में ठेकेदार पसीना-पसीना होते रहे। सीनियर कामर्शियल मैनेजर एके दोहरे ने कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। यहां से यह कानपुर की ओर रवाना हो गए।
- टीम ने स्टालों पर खाद्य सामग्री की जांची गुणवत्ता
अमर उजाला ब्यूरो