संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। जिला जेल के बंदी समेत जिले में 16 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में गंजमुरादाबाद के एक ही परिवार के सात लोग शामिल हैं। संक्रमितों में दस लोगों को होम आइसोलेट व छह को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एंटीजन से जिले में हुई कोरोना जांच में एक बंदी, गंजमुरादाबाद में एक ही परिवार में माता, पिता, बेटा, बहू सहित सात लोग, सुमेरपुर में वृद्ध, जिला अस्पताल में हुई जांच में 25 साल का युवक, 55 साल के अधेड़ कोरोना संक्रमित मिले हैं। लखनऊ व कानपुर से जांच कराने वालों में चार की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 3267 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 2774 मरीजों को घर भेजा जा चुका है। 418 का इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना से 75 लोगों की मौत हो चुकी है।