उन्नाव। सोनिक से पीडीनगर उपकेंद्र को आई लाइन में ब्रेकडाउन आ जाने से कई मोहल्लों की 12 घंटे तक बिजली गुल रही। सुबह गुल हुई बिजली शाम को चालू हो सकी। इस भीषण गर्मी में बिजली न आने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली गुल होने से लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ा।
गुरुवार सुबह तकरीबन चार बजे सोनिक से पीडीनगर उपकेंद्र को आई 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन आने से मोतीनगर, पीतांबरनगर, कृष्णानगर, इंद्रानगर, एबीनगर, पीडीनगर, डीएसएन कालेज रोड, गदनखेड़ा चौराहा स्थित मोटर मार्केट की बिजली गुल हो गई। दोपहर तक जब बिजली नहीं आई तो भीषण गर्मी में लोग बेचैन हो उठे। विभाग के अफसरों को फोन किया तो पता चला कि लाइन ब्रेकडाउन में है। हालांकि मरम्मत कार्य 12:30 बजे पूरा हो गया, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल होने से पहले सोनिक पावर हाउस में गड़बड़ी आ गई, जिससे एक घंटे और बिजली संकट झेलना पड़ा।
दोपहर 1:30 बजे के करीब मोतीनगर क्षेत्र की तो बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई लेकिन एबीनगर में लाइट गुल ही रही। यहां पर लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई। लोगों की भीड़ हैंडपंपों पर बढ़ गई। शाम 4 बजे के बाद एबीनगर की बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। हालांकि मोतीनगर समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही लगी रही। उपखंड अधिकारी टाउन मनीष यादव ने बताया कि तकनीकी खराबी आ जाने से सुबह आपूर्ति बाधित हुई थी। दोपहर में मरम्मत कराकर बिजली चालू करा दी गई।
-पीडीनगर उपकेंद्र की लाइन में ब्रेकडाउन से हुई समस्या
-लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ा