फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदूषित उत्प्रवाह हुआ तो बंद होंगे 79 उद्योग

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। कुंभ स्नान के दौरान गंगा को प्रदूषण से मुक्त रखने की कवायद में शासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शासन ने प्रदूषण फैला रहे उद्योगों की समीक्षा करते हुए साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर प्रदूषित उत्प्रवाह हुआ तो कुंभ स्नान के दौरान जिले के 79 उद्योगों पर ताला डलवा दिया जाएगा।
विज्ञापन


शासन ने कुंभ स्नान से पूर्व जिले की टेनरियों का गोपनीय तरीके से निरीक्षण कराया था। इस दौरान किस इकाई से कितना उत्प्रवाह हो रहा है व ड्रेन के जरिये कितना प्रदूषित पानी गंगा में पहुंच रहा है इसकी रिपोर्ट तैयार की गई है। जिसके तहत कुंभ स्नान से पूर्व गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए प्रभावी इंतजाम उठाए जाने लगे हैं। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि कुंभ स्नान के दौरान अगर सिटी जेल ड्रेन के उत्प्रवाह का गंगा में शून्य निस्तारण सुनिश्चित नहीं हुआ तो सिटी जेल ड्रेन से जुड़े 52 उद्योगों में तालाबंदी की जाएगी।


यही कार्रवाई लोनी ड्रेन से जुड़ी 27 इकाइयों पर भी की जाएगी। इसके लिए 15 दिसंबर की समयसीमा तय की गई है। जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह टेनरियों का निरीक्षण करे। इसके अलावा 15 दिसंबर से पहले जिले की सिटी व लोनी ड्रेन की दो स्तरीय टेपिंग कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय प्रदूषण बोर्ड अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि शासन के आदेश का पालन कराया जाएगा। इकाइयों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
विज्ञापन


थर्ड पार्टी करेंगी मानीटरिंग
शासन ने 25 नवंबर के बाद जिले की सिटी व लोनी ड्रेन का थर्ड पार्टी के जरिए निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा गठित टीम ड्रेन का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा गठित अंतर्विभागीय समिति द्वारा 79 उद्योगों का साप्ताहिक निरीक्षण भी किया जाएगा।

उच्च क्षमता के कैमरे उत्प्रवाह पर रखेंगे नजर
औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी व बंथर की इकाइयों के आउटलेट पर उत्प्रवाह की मात्रा के मापन हेतु फ्लो मीटर लगाया गया है। फ्लो मीटर को सीपीसीबी के सर्वर के साथ जोड़ा जाएगा। जिससे ऑनलाइन डाटा मिल सके। इसके अलावा उच्च क्षमता का वेब कैमरा भी लगाया जाएगा।

गंगा में गिर रहा है 9 एमएलडी प्रदूषित पानी
उन्नाव। सिटी जेल ड्रेन के जरिए घरों से निकलने वाली 9 एमएलडी प्रदूषित पानी बिना शुद्धीकरण के गंगा में गिर रहा है। इसके अलावा सिटी जेल ड्रेन की 52 व लोनी ड्रेन की 27 इकाइयों का 12 एमएलडी पानी सीईटीपी में शुद्ध कर गंगा में गिराया जा रहा है। शासन ने जल्द से जल्द इन नालों की टेपिंग करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय अंतर्विभागीय समिति को जिम्मेदारी दी गई है कि वह लोनी व सिटी ड्रेन का समय समय पर निरीक्षण करते रहें।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें