उन्नाव। राजकीय व एडेड कालेजों में शैक्षिक माहौल बनाने के लिए डीआईओएस ने स्कूलों की शिकायतों पर मानीटरिंग शुरू कर दी है। जीजीआईसी फतेहपुर चौरासी की कई शिकायत होने पर तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच शुरू कराई है।
पहले दिन जांच टीम को शिक्षण कार्य के साथ ही अन्य खामियां बड़े स्तर पर मिली हैं। डीआईओएस बोले अभिभावकों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।
राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहपुर चौरासी की छात्राओं के अभिभावकों व सामाजिक संगठनों ने डीआईओएस से स्टाफ व शिक्षण कार्य में हीलाहवाली बरतने और योजनाओं के संचालन में गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा प्रिंसिपल क्रांति चौधरी के स्कूल समय से न पहुंचने के अलावा व्यवहार की शिकायतें दर्ज हुईं।
डीआईओएस राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को प्रिंसिपल परमात्मा शरण के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर स्कूल भेजा। जहां टीम सदस्यों ने एक-एक कर सभी कक्षाओं को देखने के साथ ही कालेज परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी के साथ ही अन्य खामियां मिलीं। वहीं टीम ने छात्राओं के शैक्षिक स्तर का मूल्यांकन व शिक्षकों के क्लास लेने की जानकारी की।
छात्राओं ने शिक्षकों के मनमाफिक रवैय्ये की बात कही। करीब चार घंटे की जांच के बाद टीम वापस लौटी और डीआईओएस को रिपोर्ट दी। डीआईओएस ने बताया जांच में खामियां मिली हैं। बुधवार को अन्य बिंदुओं पर टीम स्कूल में जांच करेगी। साथ ही छात्राओं के अभिभावकों से भी बात करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-शिकायतों पर डीआईओएस ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम
-टीम दो दिन करेगी जांच, पहले दिन ही मिलीं खामियां
अमर उजाला ब्यूरो