उन्नाव। मारपीट की पांच घटनाओं में दंपती सहित 11 लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दही थानाक्षेत्र के सराय कटियान निवासी नंदकिशोर ने धनतेरस पर नई कार खरीदी थी। पड़ोसी धर्मपाल द्वारा घर के बाहर बांस लगाने से नंदकिशोर को कार निकालने में दिक्कत हो रही थी। 31 अक्तूबर को इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में नंदकिशोर की तरफ से शिवराम और फूलदुलारी को चोटें आईं, दूसरे पक्ष से धर्मपाल की मां कलावती और पत्नी जनकदुलारी घायल हो गईं। जनकदुलारी की तहरीर पर नंदकिशोर, राजेश, लंकेश, गुड्डडू, विनोद, टुन्नी, दीपक, तारा और फुलदुलारी पर रिपोर्ट दर्ज की। नंदकिशोर की तहरीर पर धर्मपाल, वीरपाल, प्रियांशु, रोमांशु पर मारपीट और गाली गलौज की धारा में कार्रवाई की। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
आसीवन थानाक्षेत्र के लच्छीखेड़ा गांव निवासी सुखबीर (50) को पड़ोसी अशोक ने अपने भाई विपिन के साथ मिलकर जमीन के विवाद में पीट दिया। बचाने आई पत्नी सीमा (35) को भी पीटा। घायल दंपती को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीमा की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एक अन्य घटना में बीरूगढ़ी गांव निवासी श्रीकृष्ण (32) और गांव के ही किशनू के बीच खड़ंजे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात किशनू नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने अपने दो अन्य भाइयों के साथ मिलकर श्रीकृष्ण को पीट दिया। घायल का मियांगंज सीएचसी में इलाज चल रहा है।
माखी थानाक्षेत्र के गांव खुमानखेड़ा निवासी सुभाषचंद्र ने पुलिस को तहरीर दी कि शुक्रवार को पड़ोसी कमलेश बेटे अभिषेक को शराब पिलाने ले गया था। वहां नशे में दोनों में कहासुनी हुई। देर शाम कूड़ा डालने गई बेटी शिखा को कमलेश के परिजनों ने पीटा था। इससे उसे चोटें आईं। मियागंज सीएचसी से घायल बेटी को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
माखी थाना क्षेत्र के रामसिंहखेड़ा निवासी चांदनी पत्नी चांदबाबू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बच्चों के विवाद में पड़ोसी गोलू उसकी पत्नी रुबीना ने घर में घुसकर मारपीट की। मारपीट में पति पत्नी घायल हो गए। थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि गोलू और रूबीना पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दही थाना क्षेत्र के गांव गजौली निवासी तेजप्रकाश जायसवाल (65) की माखी थानाक्षेत्र के रुपऊ गांव में शराब की दुकान में सेल्समैन हैं।
उन्होंने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 31 अक्तूबर की रात 10 बजे दुकान बंद करते समय पवई गांव निवासी सुमित अवस्थी अपने तीन-चार साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और शराब मांगने लगा। शराब देने के बाद सुमित ने ऑनलाइन पैसे देने की बात कही। ऑनलाइन सुविधा बंद होने की बात कही और नकद रुपये मांगे तो सुमित ने विवाद करते हुए साथियों के साथ डंडे से वार कर घायल कर दिया। घायल मुनीम को मियागंज सीचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।