उन्नाव। अलग-अलग तीन ब्लॉकाें में दूसरे जिले व प्रांतों से लौटे 108 लोगों को गांव के बाहर क्वारंटीन कराया गया। वहीं, औरास के एक गांव में चार दिन पहले दिल्ली से लौटे युवक को संदिग्ध देख स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड रेफर किया है।
पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार, विदेशों व गैर प्रांतों से लौटे 74 लोगाें को गांव के बाहर अलग स्थानों पर क्वारंटीन किया गया था। जिनका स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। चिकित्सकों में डॉ. यूके सिंह व डॉ. दीप्ति पांडेय ने सभी का चेकअप किया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी को 14 दिन तक गांव के बाहर रहने के लिए कहा गया है। इस दौरान कोई लक्षण नहीं मिलते हैं तो उन्हें घर भेजा जाएगा। स्थानीय जीजीआईसी में क्वारंटीन लोगों के लिए शुक्रवार रात को भेजे गए खाने में एक युवक को परोसी गई सब्जी में कीड़ा निकलने पर उसने एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम राजेश चौरसिया ने ईओ केएन पाठक से मामले की जानकारी ली और मौके पर जाकर खाना चेक करने के निर्देश दिए। ईओ ने लिपिक को भेजकर खाना दिखवाया तो सब्जी में कीड़ा मिला। एसडीएम ने दोबारा ऐसी गलती न होने की हिदायत ईओ को दी है।
वहीं, औरास थानाक्षेत्र के एक गांव में 29 मार्च को दिल्ली से वापस लौटे युवक को देर शाम बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत होने पर आशा की सूचना पर सीएचसी प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव टीम के साथ गांव पहुंचे। जांच में मामला संदिग्ध देख उसे आइसोलेशन के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं प्रदेश के अलग-अलग शहरों और प्रांतों से घर लौटे 7 लोगों को गांव के बाहर बने क्वारंटीन वार्ड में रखवाया गया है। 14 दिन बाद उसे घर भेजा जाएगा।
मौरावां प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत में दूसरे प्रांतों से वापस लोटे 27 लोगों को गांव के बाहर क्वारंटीन कराया गया। डाक्टर की टीम ने सभी का हालचाल जाना। ईओ सुरभि पांडेय ने बताया कि सामुदायिक भोजनालय से नाश्ते और खाने की व्यवस्था की जा रही है। सभी को 14 अप्रैल तक क्वारंटीन रखा जाएगा। साथ ही नगर पंचायत मौरावां के प्रत्येक मोहल्ले की गली नालियों व घरों को सैनिटाइज कराया गया है।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, दिल्ली के धार्मिक जलसे से लौटे कुरसठ निवासी जीजा-साले की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दोनों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में 14 दिन तक क्वारंटीन किया गया है। वहीं, बहरीन व दिल्ली से लौटे और दो युवकों को क्वारंटीन कराया गया है। कालेज के महाप्रबंधक मनोज सिसौदिया ने बताया कि निर्धारित समय के बाद छुट्टी दी जाएगी।