एक किशोरी को दो माह तक बंधक बनाकर दो युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपी
युवकों ने मंगलवार की रात पीड़ित को उसके घर के बाहर फेंक दिया और भाग गए।
सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। मामला, उत्तरप्रदेश के मोदीनगर कस्बे का है।
यहां पंद्रह वर्षीय किशोरी दो माह पहले संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी। परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका।
मंगलवार रात परिजनों ने किशोरी को घर के बाहर बदहवास हालत में पड़ा पाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की। एसएचओ ने बताया कि किशोरी को कॉलोनी के दो युवक अगवा कर मेरठ ले गए थे।
जहां उसे एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया और दोनों आरोपियों ने गैंगरेप किया।
इस बीच किशोरी की हालत खराब हो गई। आरोपी उसे नगर ले आए और रात में घर के बाहर फेंक दिया।
उधर, पुलिस ने किशोरी से मिली जानकारी के बाद आरोपी अनीस और उमरद्दीन को बस अड्डे के पास से दबोच लिया।
आरोपी अनीस शादीशुदा और आठ बच्चों का पिता है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा। उधर, आरोपी गैंगरेप से इनकार कर मामला प्रेम प्रसंग का बता रहे हैं।