बुलंदशहर में कालेज से परीक्षा देकर लौट रही एमए की छात्रा के साथ बुधवार शाम डिबाई विधायक गुड्डू पंडित की कोठी के पास तीन लोगों ने दुष्कर्म की कोशिश की और उसके कपड़े फाड़ दिए।
पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
मंडी चौकी क्षेत्र निवासी छात्रा ने बताया कि वह एमए प्रथम वर्ष की छात्रा है। बुधवार शाम वह कालेज से राजनीति शास्त्र की परीक्षा देकर लौट रही थी।
शाम लगभग सवा चार बजे छात्रा डिबाई विधायक गुड्डू पंडित के आवास के पास टैंपो का इंतजार कर रही थी। तभी टाडा निवासी इमरान और शिवाली निवासी नईम ने उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि दोनों ने छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। कोतवाली प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।