भदैंया। अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर ओदरा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार दोपहर तेल भराने पहुंचे एक युवक का पेट्रोल कर्मी से विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने पेट्रोल पंपकर्मी के साथ हाथापाई की और अपने साथियों को बुलाकर हंगामा किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
ओदरा स्थित पेट्रोल पंप पर दोपहर बाद पेट्रोल पंप कर्मी ओमप्रकाश पांडेय टंकी पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी बीच एक युवक वहां तेल भराने पहुंचा और विवाद करने लगा। पंप कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी युवक ने कई साथियों को मौके पर बुलाकर हंगामा करने लगा। सूचना पर पहुंचे मैनेजर जेपी दुबे के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की।
मैनेजर जेपी दुबे ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस सीसीटीवी फुटेज अपने साथ ले गई है। देहात कोतवाली प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। संवाद