सुल्तानपुर। वाहन का बकाया रुपया मांगने पर सोमवार की दोपहर एक युवक को गोली मार दी गई। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने हमलावर दोनों युवकों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
पिटाई से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंची। दूसरी तरफ गोली से घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर ने घटना स्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के आनूपुर(गोसैसिंहपुर) निवासी अनुराग पांडेय (29) पुत्र चंद्रभूषण पांडेय के पास एसयूवी थी। पिछले दिनों अनुराग ने एसयूवी को मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दियरा निवासी सोनू को बेच दिया था।
वाहन का कुछ रुपया बकाया था। इसलिए अनुराग ने वाहन को ट्रांसफर नहीं किया था। सोनू ने अनुराग से कई बार बात की, लेकिन वह पूरा पैसा मिलने के बाद ही वाहन ट्रांसफर की बात पर अड़ा रहा।
सोमवार को सोनू अपने साथी अशोक पाठक निवासी पठकौली कोतवाली लंभुआ के साथ आनूपुर गांव पहुंचा था। सोनू और अशोक वाहन से अनुराग के घर पहुंचे और उसे बातचीत के लिए घर से दूर बाग में ले गए।
वहां अनुराग से दोनों की कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान सोनू ने अनुराग पर फायर झोंक दिया। गोली अनुराग के हाथ में लगी और वह गिर पड़ा। बाग में मौजूद ग्रामीण गोली की आवाज सुनकर वहां पहुंच गए और सोनू के साथ ही अशोक को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस दोनों को अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंची। घायल अनुराग को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार, एसओ दोस्तपुर चंद्रशेखर पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। एसओ दोस्तपुर ने बताया कि हमलावर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के पीछे पैसे के लेनदेन का मामला प्रकाश में आया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।