सुल्तानपुर। चांदा कोतवाली क्षेत्र के आनापुर भीखीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार दो युुवक अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। घायलों को पीपी कमैचा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां एक युुवक को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
लंभुुआ कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी मो़ इरशाद (25) अपने दोस्त दुर्गेश (20) के साथ बृहस्पतिवार शाम बाइक से चांदा कोतवाली क्षेत्र के अमरुपुर बाजार से घर जा रहे थे। दोनों आनापुर भीखीपुर गांव के नजदीक बसुही मोड़ के पास पहुंचे थे। अचानक उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से प्रतापपुर कमैचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। मो़ इरशाद को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश का इलाज चल रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसे में मौत की जानकारी होने के बाद इरशाद के परिवार में चीख-पुकार मची है।