लंभुआ (सुल्तानपुर)। घर से निमंत्रण देने निकले एक युवक की रविवार की रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक का शव घर से पांच सौ मीटर दूर पाया गया। सूचना के बाद डॉग स्क्वॉयड के साथ सीओ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।
क्षेत्र के परसरामपुर गांव निवासी बनवारी लाल का बेटा चंद्रपाल (40) पुणे में काम करता था। परिवारीजनों के अनुसार चंद्रपाल करीब 15 दिन पहले ही घर आया था। चंद्रपाल के पड़ोस में शादी थी, जिसमें उसके भी रिश्तेदार आए हुए थे।
रविवार की शाम करीब सात बजे चंद्रपाल क्षेत्र के चौबनवा गांव में निमंत्रण देने घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं पहुंचा तो परिवारीजन चिंतित हो उठे।
खोजबीन शुरू हुई तो चंद्रपाल का शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर सड़क किनारे मिला। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। सोमवार की सुबह सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ल डॉग स्क्वॉयड के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
कोतवाल सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि बनवारी लाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस को घटना स्थल के पास से चंद्रपाल के जूते, खून से लथपथ बसुली और बीयर की बोतल मिली है।
निमंत्रण से घर लौट रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला
भदैंया (सुल्तानपुर)। निमंत्रण से घर लौट रहे एक युवक पर रंजिश में धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल युवक के भाई की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरसड़ा गांव निवासी हितेश कुमार रविवार की शाम लंभुआ क्षेत्र के चौकिया गांव में निमंत्रण खाने गया था। रात करीब नौ बजे हितेश बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रंजिश को लेकर आकाश कनौजिया आदि ने उसे गांव के पास घेर लिया और धारदार हथियार से हमलाकर उसे मरणासन्न कर दिया।
काफी देर तक जब हितेश घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश करते हुए परिवारीजन गांव के बाहर पहुंचे, जहां वह लहूलुहान हालत में पड़ा था। परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने हितेश के भाई राहुल की तहरीर पर गांव के ही आकाश कनौजिया, संतोष कुमार, विक्रमाजीत, निवासी रायचंद्रपुर, नीरज, धीरज व भवानीफेर निवासी घोरहा के खिलाफ केस दर्ज किया है।