गौरव उपाध्याय (फाइल फोटो)। स्रोत-परिजन
कादीपुर। स्थानीय कस्बे के चांदा मार्ग पर विवेकानंद नगर वार्ड में मंगलवार रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार लंभुआ निवासी आशीष (25) की मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार जलालपुर के राकेश निषाद (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसी स्थान पर देर रात दोबारा दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। एक युवक को कादीपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार रात करीब 08:30 बजे हुई। आशीष बाइक से चांदा की ओर जा रहे थे, जबकि राकेश कादीपुर की ओर आ रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां से आशीष को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रात करीब 11:30 बजे विवेकानंद नगर में उसी स्थान पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार सराय रानी निवासी प्रवेश निषाद (23) व उसी गांव के अमन सिंह (25) घायल हो गए। उन दोनों ने भी हेलमेट नहीं पहना था। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सक ने प्रवेश निषाद को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रवेश व अमन सिंह ने भी हेलमेट नहीं पहना था। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
दोस्तपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर के जरईकला के पास बबुरीपुर निवासी गौरव उपाध्याय (22) बुधवार सुबह एक कार से पहुंचे। वहां पर उनकी कार कुछ देर के लिए रुकी थी। वह सड़क के किनारे खड़े थे। परिजनों के अनुसार इसी बीच अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। गौरव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर से महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा, अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। देर शाम उनका अंतिम संस्कार देवाढ़ घाट पर कर दिया गया। (संवाद)