सुल्तानपुर। जिले के अमारी गांव के रहने वाले युवक की मुंबई में हत्या कर सड़क किनारे शव फेंक दिया गया। मुंबई पुलिस ने इसकी सूचना जब परिवारीजनों को दी तो कोहराम मच गया। परिवारीजन बेटे का शव लेने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। युवक मुंबई में एक ट्रांसपोर्टर के यहां ट्रक चालक था।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अमारी गांव निवासी इंद्रदेव यादव (26) पुत्र ओम प्रकाश यादव महाराष्ट्र प्रांत में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चालक था। परिवारीजनों के अनुसार पिछले शनिवार की सुबह इंद्रदेव ट्रक पर कीमती सामान लादकर एक अन्य युवक के साथ रवाना हुआ था।
मंगलवार को महाराष्ट्र के नंदुरबार के पास हाईवे किनारे एक एजेंसी पर इंद्रदेव के साथ मौजूद दूसरा युवक ट्रक लेकर पहुंचा और एजेंसी मालिक से ट्रक पर लदा माल खरीदने को कहा। एजेंसी मालिक को शक हुआ तो उसने इसकी सूचना ट्रांसपोर्टर को दे दी।
जब ट्रांसपोर्टर वहां पहुंचा तो इंद्रदेव का साथी मौके से फरार हो गया। इंद्रदेव को न पाकर ट्रांसपोर्टर को अनहोनी का अंदेशा हुआ। ट्रांसपोर्टर ने इसकी सूचना पुलिस को देकर चालक के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की।
खोजबीन के बाद हाईवे किनारे गड्ढे मे इंद्रदेव का शव मलिा। महाराष्ट्र पुलिस ने इंद्रदेव के परिवारीजनों को इसकी सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया। अमारी गांव निवासी इंद्रदेव के दोस्त अशोक वर्मा निवासी भरसारे ने बताया कि इंद्रदेव पढ़ने में बहुत तेज था।
उसके पिता ओम प्रकाश किसान हैं। इंद्रदेव दो भाई व तीन बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में अभी किसी भाई-बहन की शादी नहीं हुई है। बीए, आईटीआई करने के बाद इंद्रदेव पारिवारिक हालात ठीक नहीं होने के कारण नौकरी की तलाश में महाराष्ट्र चला गया।