सुल्तानपुर। दुर्घटना में घायल युवक का सही समय पर उपचार न मिल पाने की वजह से मौत हो गई। अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि हादसे में घायल महिला का उपचार चल रहा है।
दूसरी तरफ चिकित्सक से हाथापाई करने के आरोपी सिपाही को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। देर शाम विधायक के समझाने-बुझाने पर कार्य बहिष्कार पर अड़े स्वास्थ्य कर्मी मान गए।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सिकिया चौराहे के पास बृहस्पतिवार को बाइक सवार को पिकअप ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में बाइक सवार सौरभ (18) पुत्र झिनकू निषाद और अनीता (30) पत्नी मुकेश निवासी गिलंटवा थाना भीटी जिला अंबेडकरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पीआरवी पर तैनात राम निधि यादव ने दोनों को दोस्तपुर सीएचसी पहुंचाया था। दोस्तपुर सीएचसी के आकस्मिक कक्ष में मौजूद चिकित्सक डॉ. आज्ञाराम यादव से राम निधि यादव की कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इसके बाद चिकित्सक और अन्य स्टाफ ने कार्य बहिष्कार कर दिया था।
सीएचसी पर उपचार न मिल पाने की वजह से सिपाही ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर पहुंचा दिया था। जहां चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता का उपचार चल रहा है। अनीता के परिवारीजनों ने बताया कि सौरभ बृहस्पतिवार को उसके मायके पहुंचाने जा रहा था। तभी यह हादसा हो गया।
दूसरी तरफ स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार की सूचना के बाद पहुंचे विधायक राजेश गौतम ने एसपी से वार्ता करने के बाद कार्य बहिष्कार समाप्त करा दिया था। एसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।