अमहट/कुड़वार(सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र कुड़वार के लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर असरोगा टोल प्लाजा के पास शनिवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। एनएचआई टीम ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
असरोगा टोल प्लाजा के पास शनिवार दोपहर दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। दोनों पर सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अमेठी जिले के ब्लॉक शाहगढ़ के जलावा निवासी शुभम मौर्य (24) बाइक से मुसाफिरखाना से सुल्तानपुर जा रहा था। उसे नौगवां गांव जाना था। इसी बीच असरोगा टोल प्लाजा के पास कुड़वार थाना क्षेत्र के धरावां निवासी बाइक सवार अफसर (38) की बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
सूचना पर पहुंची एनएचआई की टीम व स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस से दोनों युवकों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉ. डीबी सिंह ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। घायल अफसर का इलाज जारी है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहने थे। जिला अस्पताल की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर शुभम के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।