. गोसाईगंज के कटकाबाजार में दुर्घटनाग्रस्त जीप। -स्रोत-ग्रामीण
गोसाईगंज/ कूरेभार (सुल्तानपुर)। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कटका बाजार स्थित सेमरी मोड़ के पास सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रेलर और जीप की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में जीप सड़क के किनारे स्थित एक दुकान में घुस गई। जीप सवार जौनपुर जिले के नकारा खानदेव, सिंगरामऊ निवासी विजय कुमार यादव (37) की मौत हो गई। इसी गांव के रहने वाले जीप चालक विपिन यादव (30) व संजू देवी (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन अन्य लोग को मामूली चोट लगी। संजू व विपिन को कूरेभार सीएचसी से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों के परिजनों ने बताया कि गांव के कुछ लोग जीप से बहराइच गाजी मियां की दरगाह जाने के लिए घर से निकले थे। सोमवार को वह सभी दरगाह से घर लौट रहे थे। कटका बाजार के सेमरी मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रेलर से जीप की भिड़ंत हो गई। जीप हाईवे के किनारे स्थित टिन शेड तोड़ते हुए दुकान में घुस गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर को घटनास्थल पर छोड़कर चालक भाग निकला।
जीप पर सवार चालक विपिन, संजू व विजय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार एक बच्चे सहित तीन अन्य महिलाओं को मामूली चोट लगी। गोसाईगंज पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. जहीर खान ने विजय कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संजू व विपिन की हालत नाजुक देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंडदेव मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट-
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
दूबेपुर। सड़क दुर्घटना में घायल महमदपुर पटखौली निवासी दिनेश कुमार यादव (36) की सोमवार रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते 12 जून की रात करीब नौ बजे प्रतापगंज बाजार में बाइक से जा रहे थे। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को उनका शव घर लाया गया। प्रतापगंज पुलिस चौकी प्रभारी हरिशंकर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)
इनसेट-
एंबुलेंस से टकराकर बाइक सवार दो युवक घायल
कूरेभार। स्थानीय कस्बे के सेमरी मार्ग पर मंगलवार दोपहर तीन बजे के एंबुलेंस से टकराकर बाइक सवार कस्बा निवासी राममूरत विश्वकर्मा (40) व मानिकपुर निवासी दीनानाथ (50) घायल हो गए। घायलों को कूरेभार सीएचसी से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। उपनिरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि बाइक कौन चला रहा था। यह जानकारी नहीं मिल सकी है। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)