लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के सबसुखपुर गांव में मंगलवार को फिर हाईवोल्टेज करंट का कहर बरपा। कई घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए। इस दौरान करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। बेटे को बचाने पहुंची मां भी झुलस गई। ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर खासा आक्रोश व्याप्त है।
गोमती नदी के किनारे बसे सबसुखपुर गांव में लंभुआ विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति की जाती है। इंडोडच फीडर की करीब 10 किमी. लंबी लाइन के जरिये सबसुखपुर में आपूर्ति होती है। ग्रामीणों के मुताबिक दो दिन पहले भी हाईवोल्टेज करंट की वजह से कुछ घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए थे।
मंगलवार की शाम गांव के कई घरों में फिर से हाईवोल्टेज करंट उतर आया। गांव के वीरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ मोनू (32) बिजली बंद करने के लिए मेन लाइन की तरफ दौड़ पड़ा। मोनू ने जैसे ही मेन स्विच बंद करना चाहा, वह करंट की चपेट में आ गया।
उसको बचाने दौड़ी उसकी मां गीता देवी भी करंट से झुलस गईं। आनन-फानन ग्रामीण मोनू को गंभीर हालत में मेडिकल कॉॅलेज पहुंचाए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसडीओ ने जताई अनभिज्ञता
एसडीओ मृत्युंजय शर्मा ने बताया है कि युवक ने नंगे व भीगे पैर से मेन स्विच बंद करने का प्रयास किया था। इससे वह बिजली की चपेट में आ गया। गांव में हाईवोल्टेज करंट उतरने की उन्हें जानकारी नहीं है।