अजय प्रताप सिंह (फाइल फोटो)। स्रोत- परिजन
कुड़वार। माधवपुर के पास बृहस्पतिवार दोपहर अनियंत्रित बाइक से गिरकर धनपतगंज के सड़ाव निवासी अजय प्रताप सिंह (28) की मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार मुड़ुवा निवासी धर्मेंद्र (35) घायल हो गए। उन्हें सीएचसी कुड़वार से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
माधवपुर के स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, दुर्घटना दोपहर 02:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक कौन चला रहा था। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। अजय और धर्मेंद्र घायल अवस्था में माधवपुर के पास पड़े थे। उनके बगल की बाइक पड़ी थी। किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। वह दोनों धनपतगंज से घर की ओर जा रहे थे। माधवपुर के पास अनियंत्रित बाइक से गिरकर दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार पहुंचाया गया। चिकित्सक ने अजय प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। कुड़वार थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। विधिक कार्रवाई की गई है।