- दूसरे बाइक सवार ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरा तो वाहन ने रौंद दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के टाटा-बांदा हाईवे पर भीखूपुर के पास बृहस्पतिवार की शाम सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि 11 दिन पहले युवक की शादी हुई थी। घर में खुशी का माहौल था। मौत की खबर से अब मातम पसरा हुआ है। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इटकौली गांव निवासी शिव दर्शन (29) बृहस्पतिवार की सुबह अपनी पत्नी माला को लेकर मलवा गांव उसकी बहन के यहां गया था। पत्नी को छोड़कर वह बाइक से बृहस्पतिवार शाम अकेले घर लौट रहा था। टांडा-बांदा हाइवे पर जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के भीखूपुर गांव के पास वह दूसरी बाइक से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा। इस बीच सड़क से गुजर रहे किसी वाहन तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल प्रेम चंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी चालक और गाड़ी की तलाश की जा रही है।
इनसेट-
मेहंदी छूटने से पहले उजड़ गया सुहाग
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली के भीखूपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में मृतक शिव दर्शन की बीते 21 मई को अंबेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र के मालेपुर सरैया की रहने वाली माला से शादी हुई थी। 22 मई को दुल्हन घर आई तो परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई। घर में खुशी का माहौल था इसी बीच शिव दर्शन की सड़क हादसे में मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया। घटना के बाद से माला बेसुध सी है। अभी उसके हाथों से मेहंदी का रंग भी नही उतरा था कि उसका सुहाग उजड़ गया।
सबसे छोटा था शिवदर्शन
सुल्तानपुर। मृतक शिवदर्शन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दो बहनों गायत्री और रीता की पहले ही शादी हो चुकी है। घटना के बाद से भाई शिवपूजन, सुरेश और मां सरजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।