शिवगढ़ के भिटौरा गांव में रोते-बिलखते परिजन। स्रोत-ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
भदैंया। शिवगढ़ के भिटौरा गांव में मंगलवार शाम रंजिश में विपक्षियों ने गांव निवासी जसवंत सिंह (28) पर लाठी, डंडों व अन्य हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान पति सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि प्रधान के खिलाफ विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। इसी बात से रंजिश चल रही थी।
भिटौरा निवासी बलवंत सिंह के मुताबिक उनका छोटा भाई जसवंत सिंह (28) मंगलवार शाम सात बजे शिवगढ़ बाजार से सब्जी लेकर बाइक से घर आने के लिए निकला। आरोप है कि भिटौरा इंटर कॉलेज के पास घात लगाकर बैठे गांव के सुरेश सिंह, प्रधान पति मान सिंह, सूरज सिंह, धनंजय, रामजश, नीरज व दो अज्ञात ने उनके भाई की बाइक रोक ली। आरोपियों ने जसवंत पर लाठी, डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। राहगीरों से पता चलने पर बलवंत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तो जसवंत लहूलुहान पड़े मिले।
आरोप है कि हमलावरों ने उनके भाई का मोबाइल व 10 हजार रुपये भी छीन लिया था और बाइक भी तोड़ दी थी। जसवंत को मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। बलवंत सिंह का आरोप है कि उन्होंने मौजूदा प्रधान के खिलाफ गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता व भ्रष्टाचार की शिकायत की है। इस वजह से प्रधान पति व उनके साथियों ने मिलकर उनके भाई की हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि बलवंत सिंह की तहरीर पर छह नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
ठगी के आरोप में गया था जेल
जसवंत सिंह पर ठगी का आरोप है। वादी कमलेश ने कोर्ट के माध्यम से जसवंत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में जसवंत जेल गया था। ग्रामीणों के अनुसार वह तीन अप्रैल को जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था।