लखनऊ-बलिया हाईवे पर राजापुर गोसाईगंज में घायलों को एंबुलेंस में लिटाते ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
गोसाईगंज। लखनऊ-बलिया हाईवे पर राजापुर गोसाईगंज के पास रविवार सुबह दो बाइकों की भिड़त हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार बीड़ी निवासी रितेश सिंह (30) की मौत हो गई। बाइक पर उनके पीछे बैठे भतीजे शौर्य सिंह (12) और दूसरी बाइक पर सवार सैफुल्लागंज निवासी राजू (16), सचिन (17) घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं देर रात इलाज के दौरान राजू की भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना रविवार सुबह 08:30 बजे हुई। बीड़ी निवासी रितेश अपने भतीजे शौर्य के साथ गोसाईगंज बाजार बाल कटवाने के लिए जा रहे थे। बाइक रितेश चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। तभी रास्ते में राजापुर गोसाईगंज के पास हादसा हो गया। वहीं, दूसरी बाइक राजू चला रहा था। उसने हेलमेट पहना था। दुर्घटना में उसका हेलमेट चकनाचूर हो गया।
घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने रितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, देर रात इलाज के दौरान राजू (16) की मौत हो गई। गोसाईगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइकों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।