भदैंया (सुल्तानपुर)। घर के बाहर खेल रही मासूम को बहला-फुसलाकर गांव का ही युवक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बृहस्पतिवार की देर शाम गंभीर हालत में बच्ची को लंभुआ सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली देहात थाने के एक गांव की पांच साल की बच्ची बृहस्पतिवार की शाम घर से बाहर खेलते हुए बाग की ओर चली गई। गांव का ही वीरेंद्र चौहान (47) बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसे खोजने लगे। खेत में पहुंचने पर बच्ची की हालत देखकर परिजन दंग रह गए।
परिजनों ने बृहस्पतिवार की देर शाम बच्ची को लंभुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण हुआ। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। चिकित्सक ने बच्ची की हालत गंभीर देखकर उसे मेडिकल काॅलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। जहां पीड़िता की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी वीरेंद्र चौहान के खिलाफ दुष्कर्म व पाॅक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस बारे में कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह आरोपी वीरेंद्र को प्रयागराज हाईवे पर बिसानी गांव के पास गिरफ्तार कर लिया गया है।