सुल्तानपुर। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। अब निजी बसों और स्कूली वाहनों के चालक-परिचालकों को बिना पुलिस सत्यापन ड्यूटी नहीं मिलेगी।
चरित्र सत्यापन को अनिवार्य कर दिया गया है। एआरटीओ प्रशासन अलका शुक्ला ने वाहन संचालकों को यह सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूली बस चालकों के व्यवहार को लेकर कई जिलों से गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें तेज रफ्तार से वाहन चलाना और बच्चों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग शामिल है। कुछ विद्यालयों में कर्मचारियों की नियुक्ति बिना पृष्ठभूमि जांच के की गई थी। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। संबंधित कर्मचारियों को यूपी कॉप एप के माध्यम से आवेदन करना होगा।
पोर्टल पर 1112 स्कूली वाहन दर्ज
बिना उपयोगिता प्रमाणपत्र के संचालित निजी बसों और स्कूली वाहनों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। ऐसे वाहनों को सीज किया जा रहा है। साथ ही विभागीय आंकड़े भी अपडेट किए जा रहे हैं। सुल्तानपुर जिले में 1112 स्कूली वाहन यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल पर दर्ज हैं। इन वाहनों से बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने की व्यवस्था है।