बेटे की हत्या में गवाही देने से झल्लाए हत्या आरोपियों ने साथी के साथ मिलकर पूर्व प्रधान को गोली मार दी। गोली प्रधान के सीने व हाथ में लगी। गंभीर हालत में पूर्व प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के ठाकुरराम का पुरवा मजरे रामपुर निवासी पूर्व प्रधान दशरथ यादव (55) के बेटे संदीप यादव की बीते 23 अगस्त 2014 को गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मामले में ठाकुरराम का पुरवा गांव के ही उमेश सिंह व बृजेश सिंह नामजद थे। दोनों जेल गए थे। अभी हाल ही में दोनों जेल से जमानत पर छूटे हैं। बेटे की हत्या के मामले में पूर्व प्रधान दशरथ यादव लगातार पैरवी कर रहे थे। कई बार पूर्व प्रधान पर मुकदमे में सुलह के लिए आरोपियों ने दबाव भी बनाया था।
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पूर्व प्रधान पैदल ही गांव में दूध लेने के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में उमेश सिंह, बृजेश सिंह व सत्येंद्र सिंह निवासी बेलसौना थाना पीपरपुर ने उन्हें रोक लिया। पूर्व प्रधान जब तक कुछ भी समझ पाते तीनों ने उन पर तमंचे से फायर शुरू कर दिया। गोली पूर्व प्रधान के हाथ व सीने के दाई तरफ लगी और वह गिर पड़े। गोली मारने के बाद तीनों हमलावर फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिवारीजन घायल हालत में पूर्व प्रधान को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। उधर, ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस बाबत एसओ पीपरपुर जगदीश यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।