सुल्तानपुर। स्वयं सहायता समूह की पांच महिलाओं के पहले चरण में चयन के बाद अब अन्य महिलाओं को खेतों में ड्रोन उड़ाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। शासन के निर्देश पर सहकारिता विभाग ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से स्वयं सहायता समूह की इच्छुक महिलाओं के नाम मांगे हैं। नाम मिलने पर विभाग की ओर से से सूची निदेशालय भेजी जाएगी।
फसलों में कीटनाशक व उर्वरकों के छिड़काव के लिए महिलाओं को प्रशिक्षित करने का कार्य शुरू हो गया है। बीते वित्तीय वर्ष में सहकारिता विभाग ने स्वयं सहायता समूह की पांच महिलाओं को लखनऊ में प्रशिक्षण दिलाया था। इस बार सहकारिता निदेशालय ने प्रशिक्षण के लिए अधिक नाम मांगे हैं। निदेशालय के निर्देश पर सहकारिता विभाग ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से ड्रोन उड़ाने की इच्छुक महिलाओं की सूची मांगी है।
उप निबंधक सहकारिता अंजनी कुमार ने बताया कि ब्लॉक मिशन प्रबंधकों से नाम मांगे जा रहे हैं। इस बार संख्या की सीमा नहीं निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं ड्रोन उड़ा सकेंगी। ड्रोन से फसलों में उर्वरक व कीटनाशक का छिड़काव कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी। ड्रोन के लिए कुछ धनराशि महिला संकुल संगठनाें को जमा करना होगा।